बैराड में फिर सक्रिय हुई पुलिस, चोरी से लेकर अवैध शराब तक ताबड़तोड़ कार्रवाई; अपराधियों में बढ़ा खौफ

 बैराड में फिर सक्रिय हुई पुलिस, चोरी से लेकर अवैध शराब तक ताबड़तोड़ कार्रवाई; अपराधियों में बढ़ा खौफ


शिवपुरी। करीब एक माह के अंतराल के बाद बैराड थाना पुलिस एक बार फिर एक्शन मोड में दिखाई दे रही है। थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेश शर्मा के नेतृत्व में 24 जून और 26 जून को लगातार दो बड़ी कार्रवाइयों ने साफ संकेत दिया है कि क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ अभियान फिर तेज हो गया है। इससे पहले 30 मई 2026 तक भी बैराड पुलिस ने स्मैक, अवैध शराब और अन्य अपराधों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई कर अपराधियों पर शिकंजा कसा था।


26 जून : 70 हजार की चोरी गई केबिल बरामद, चार आरोपी गिरफ्तार

26 जून को थाना बैराड पुलिस ने 16-17 जून की रात ग्राम रैय्यन से चोरी हुई करीब 34 किलो वजन की बोर की केबिल, जिसकी कीमत लगभग 70 हजार रुपये बताई गई है, बरामद कर ली। इस मामले में मातादीन कुशवाह, धरमसिंह कुशवाह, हल्के कुशवाह और श्यामवरन रावत को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने चोरी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली, जिसकी कीमत करीब 60 हजार रुपये बताई गई है।

फरियादी राजकुमार पुत्र रविकिशोर शर्मा की रिपोर्ट पर अपराध दर्ज होने के बाद पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले तथा एसडीओपी आनंद राय के मार्गदर्शन में टीम गठित की गई। मुखबिर की सूचना पर चारों आरोपियों को ग्राम रैय्यन से गिरफ्तार कर चोरी गई केबिल बरामद की गई।

इस कार्रवाई में निरीक्षक सुरेश शर्मा, उपनिरीक्षक अजय खलखो, प्रधान आरक्षक हरिओम जाटव तथा आरक्षक रविन्द्र धाकड़, अजय नीखरा, गिर्राज त्यागी, राजेन्द्र, देवेन्द्र और शोभाराम मीणा की विशेष भूमिका रही।

24 जून : 60 लीटर कच्ची शराब जब्त, आरोपी जेल भेजा


इससे पहले 24 जून को बैराड पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बरोद रोड स्थित ठाकुर बाबा मंदिर के पीछे दबिश देकर राजेन्द्र पुत्र मांगीलाल राठौर (32 वर्ष) निवासी कालामढ़ शाखा फील्ड के पास, बैराड को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से दो प्लास्टिक केनों में रखी 60 लीटर हाथ भट्टी की बनी अवैध कच्ची शराब, जिसकी कीमत करीब 12 हजार रुपये है, जब्त की गई। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।


इस कार्रवाई में निरीक्षक सुरेश शर्मा, प्रधान आरक्षक हरिओम जाटव तथा आरक्षक संदीप राठौर, ज्ञान सिंह रावत, लोकेन्द्र सिंह और चालक मनीष परिहार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

अपराधियों के आवेदन भी नहीं रोक पाए पुलिस की कार्रवाई

जानकारी के अनुसार, थाना प्रभारी सुरेश शर्मा द्वारा पूर्व में स्मैक और अवैध शराब के खिलाफ की गई लगातार बड़ी कार्रवाइयों के दौरान कई आरोपियों की गिरफ्तारी हुई थी। उस समय आरोपियों के परिजनों ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर पुलिस पर झूठी कार्रवाई करने के आरोप भी लगाए। इसके बाद कुछ समय तक कार्रवाई की रफ्तार धीमी दिखाई दी, लेकिन अब एक बार फिर पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए अपराधियों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है।

पड़ताल.......

बैराड थाना क्षेत्र में लगातार हो रही कार्रवाई यह संकेत देती है कि पुलिस अपराध और नशे के कारोबार के प्रति सख्त रुख अपनाए हुए है। चोरी, अवैध शराब और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर लगातार शिकंजा कसने से अपराधियों में पुलिस का खौफ बढ़ा है। यदि यही अभियान निरंतर जारी रहा तो क्षेत्र में कानून व्यवस्था और अधिक मजबूत होने के साथ-साथ अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगने की उम्मीद है।

Post a Comment

0Comments
Post a Comment (0)

 


 



#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !