पुलिसनामा/सुमित कुशकईया...
34 वर्षों का अनुभव, कई बड़े अपराधों का खुलासा; अब हिम्मतपुर चौकी की कमान संभाल रहे रामानंद पचौरी
शिवपुरी। जिले में नई पुलिस अधीक्षक यागचेन डोलकर भूटिया द्वारा पदभार ग्रहण करने के बाद पुलिस विभाग में लगातार प्रशासनिक सुधार और कार्यप्रणाली को मजबूत करने के प्रयास किए जा रहे हैं। जिले के विभिन्न थानों और चौकियों का निरीक्षण करने के बाद पुलिस अधीक्षक ने 12 जून को स्थानांतरण एवं पदस्थापना आदेश जारी किए, जिसमें कई पुलिस अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
इसी क्रम में कार्यवाहक उप निरीक्षक रामानंद पचौरी को धनरा चौकी से स्थानांतरित कर हिम्मतपुर पुलिस चौकी प्रभारी बनाया गया है। लंबे अनुभव और अपराध नियंत्रण में उल्लेखनीय कार्यों के कारण उन्हें विभाग के अनुभवी अधिकारियों में गिना जाता है।
हाल ही में हिम्मतपुर चौकी का प्रभार संभालने वाले रामानंद पचौरी ने संवाददाता सुमित कुशकईया से चर्चा में अपने पुलिस सेवा के अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि वे मूल रूप से दतिया जिले के निवासी हैं और वर्ष 1992 में पुलिस विभाग में आरक्षक के पद पर भर्ती हुए थे। उनकी प्रारंभिक नियुक्ति ग्वालियर क्षेत्र में हुई थी।
पचौरी ने बताया कि वर्ष 2005 में शिवपुरी जिले के सुरवाया थाना क्षेत्र में हुए चर्चित राजेंद्र गड़रिया एनकाउंटर में वे विशेष टीम का हिस्सा रहे थे। उस समय उनके कार्यों की विभाग में सराहना हुई थी। उस दौरान शिवपुरी जिले में पुलिस अधीक्षक के रूप में श्री सेमा पदस्थ थे।
उन्होंने वर्ष 2012 में विभागीय परीक्षा उत्तीर्ण कर सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) पद प्राप्त किया। इसके बाद उन्होंने गुना जिले सहित विभिन्न स्थानों पर सेवाएं दीं। वर्ष 2021 के अंतिम चरण में उनकी पुनः शिवपुरी जिले में पदस्थापना हुई, जहां उन्होंने नरवर थाना क्षेत्र में कार्य किया।
इसके बाद वे सीहोर, बदरवास, करैरा तथा धनरा चौकी सहित जिले के कई महत्वपूर्ण थाना एवं चौकी क्षेत्रों में पदस्थ रहे। अपने सेवाकाल के दौरान उन्होंने आबकारी अधिनियम, एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट तथा अन्य गंभीर मामलों में प्रभावी कार्रवाई कर अपराधियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया।
रामानंद पचौरी ने बताया कि बदरवास क्षेत्र में हुई लगभग ढाई करोड़ रुपये की चर्चित चोरी के मामले के खुलासे में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही थी। पुलिस टीम द्वारा की गई कार्रवाई के चलते मामले को ट्रेस करने और आरोपियों तक पहुंचने में सफलता मिली थी।
वहीं सीहोर क्षेत्र में पदस्थापना के दौरान उन्होंने अवैध रेत कारोबार के खिलाफ अभियान चलाया। लगातार कार्रवाई और निगरानी के कारण क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन और कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया गया।
करीब 34 वर्षों की पुलिस सेवा में विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा चुके रामानंद पचौरी अब हिम्मतपुर चौकी क्षेत्र में कानून व्यवस्था को मजबूत करने, अपराधों पर नियंत्रण रखने और आम जनता की समस्याओं के त्वरित निराकरण को प्राथमिकता देने की बात कह रहे हैं।
हिम्मतपुर चौकी का प्रभार संभालने के बाद क्षेत्र के लोगों को उम्मीद है कि उनके अनुभव और कार्यशैली का लाभ स्थानीय कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने में मिलेगा।
.png)







