सेवा संकल्प अभियान के तहत शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों का सम्मान
पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया ने परिजनों को किया सम्मानित, शहीद जवानों के योगदान को किया याद
शिवपुरी। देशव्यापी सेवा संकल्प अभियान के तहत शुक्रवार को पुलिस कंट्रोल रूम शिवपुरी में शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया ने देश की सेवा में अपना सर्वोच्च योगदान देने वाले पुलिस जवानों को याद करते हुए उनके परिजनों को सम्मानित किया।
सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण की भावना को जन-जन तक पहुंचाना तथा नागरिकों, विशेषकर युवाओं को सामाजिक सरोकारों से जोड़कर जनभागीदारी को बढ़ावा देना है। अभियान के अंतर्गत ‘सेवा मेरा योगदान’ पहल के माध्यम से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, जन-जागरूकता और सामाजिक सेवा जैसी गतिविधियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
इसी पहल के अंतर्गत आयोजित सम्मान कार्यक्रम में शिवपुरी जिले में पदस्थापना के दौरान शहीद हुए दो पुलिसकर्मियों के परिजनों को सम्मानित किया गया। इनमें तत्कालीन उप निरीक्षक स्व. विकास उपाध्याय, जो थाना बामौरकला में पदस्थ थे, की पत्नी स्नेहलता उपाध्याय शामिल रहीं। स्नेहलता उपाध्याय वर्तमान में उप निरीक्षक (अ) के पद पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय शिवपुरी में पदस्थ हैं।
वहीं, तत्कालीन सहायक उप निरीक्षक स्व. केदारलाल शर्मा, जो थाना करैरा में पदस्थ थे, के वारिसान के रूप में प्रधान आरक्षक आशीष शर्मा, थाना यातायात शिवपुरी को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के माध्यम से पुलिस विभाग ने देश और समाज की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले जवानों के योगदान को स्मरण करते हुए उनके परिवारों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की।
.png)





