27 पेटी अवैध शराब से भरी बलेनो कार जब्त, 5.58 लाख का मशरूका पकड़ा
पिछोर पुलिस की कार्रवाई, चालक वाहन छोड़कर अंधेरे में फरार; दो संदिग्धों के नाम सामने आए
शिवपुरी/पिछोर। अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पिछोर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 27 पेटी देशी शराब से भरी बलेनो कार जब्त की है। पुलिस ने जब्त शराब और वाहन की कुल कीमत करीब 5 लाख 58 हजार रुपए बताई है। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देशन में की गई।
पुलिस के अनुसार 1 अक्टूबर की रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि नीले रंग की मारुति सुजुकी बलेनो कार क्रमांक UP 16 BK 0079 में अवैध शराब भरकर मायापुर से पिछोर की ओर लाई जा रही है। सूचना पर पिछोर पुलिस ने लभेड़ा तिराहा पर वाहन चेकिंग शुरू की।
कुछ देर बाद मायापुर की ओर से संदिग्ध कार आती दिखाई दी। पुलिस ने टॉर्च की रोशनी से चालक को रुकने का संकेत दिया, लेकिन चालक ने वाहन रोकने के बजाय रफ्तार बढ़ाकर लभेड़ा रोड की ओर भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने पीछा किया। बंटना कंपनी के पास आगे रास्ता अवरुद्ध होने पर चालक कार मौके पर छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया।
तलाशी में मिली 27 पेटी शराब
पुलिस ने बलेनो कार की तलाशी ली तो उसमें 27 पेटी देशी प्लेन मदिरा बरामद हुई। पुलिस के मुताबिक शराब की कीमत करीब 1 लाख 8 हजार रुपए, जबकि बलेनो कार की अनुमानित कीमत 4 लाख 50 हजार रुपए है। इस तरह पुलिस ने कुल 5 लाख 58 हजार रुपए का मशरूका जब्त किया।
मामले में थाना पिछोर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 449/26, धारा 34(2) मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस की तस्दीक में जब्त वाहन से अभिनंदन लोधी निवासी ग्राम राजपुर और दिनेशो लोधी निवासी ग्राम लभेड़ा के संबंध में जानकारी सामने आने की बात कही गई है। मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक नीतू सिंह, उनि रामकिशोर जोशी, उनि सुबोध टोप्पो, आरक्षक अरविंद सगर, धर्मेंद्र लोधी, विकास शिवहरे, योगेन्द्र मल्होत्रा और भूपेंद्र सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
लोकेशन : शिवपुरी, पिछोर
रिपोर्ट : दीपक विकट
दिनांक : 1 अक्टूबर 2026
.png)


