कोर्ट रोड पर सुबह 10 से रात 9 बजे तक वाहनों की नो-एंट्री
त्योहारों के चलते यातायात पुलिस का फैसला, तीन और चार पहिया वाहन चालकों को करना होगा नियमों का पालन
शिवपुरी। आगामी त्योहारों के मद्देनजर शहर की कोर्ट रोड पर यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने तीन पहिया और चार पहिया वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया है। निर्धारित व्यवस्था के अनुसार सुबह 10 बजे से रात 9 बजे तक इन वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने पर संबंधित वाहन चालकों के खिलाफ जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी।
यातायात प्रभारी रणवीर यादव ने बताया कि त्योहारों के दौरान बाजार में भीड़ बढ़ने से यातायात प्रभावित होने की आशंका रहती है। इसे देखते हुए कोर्ट रोड पर वाहनों की आवाजाही नियंत्रित करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने वाहन चालकों से निर्धारित समय में प्रतिबंध का पालन करने की अपील की है।
गौरतलब है कि कोर्ट रोड को आदर्श सड़क के रूप में विकसित करने की पहल की गई थी। ऐसे में इस मार्ग पर यातायात को व्यवस्थित रखना पुलिस और संबंधित विभागों के लिए महत्वपूर्ण है। प्रतिबंध का पालन होने से बाजार में जाम की समस्या कम करने और आम लोगों को आवागमन में राहत मिलने की उम्मीद है।
.png)



