बैराड़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 150 लीटर कच्ची शराब और शराब बनाने के उपकरण जब्त
डाबरपुरा में घर के सामने जमीन पर चल रही थी हाथ भट्टी, आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट में मामला दर्ज
शिवपुरी। बैराड़ थाना पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ग्राम डाबरपुरा में हाथ भट्टी से कच्ची शराब तैयार करने के मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने मौके से करीब 150 लीटर हाथ भट्टी की कच्ची शराब सहित शराब बनाने में उपयोग किए जा रहे उपकरण जब्त किए हैं। जब्त शराब की कीमत करीब 30 हजार रुपये तथा उपकरणों की अनुमानित कीमत 40 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार 7 अगस्त की रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम डाबरपुरा निवासी अनिल बेड़िया अपने मकान के सामने जमीन पर चूल्हा बनाकर ड्रम में कच्ची शराब तैयार कर रहा है। सूचना की तस्दीक के लिए पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो मकान के सामने बने चबूतरे के नीचे हाथ भट्टी की कच्ची शराब बनाने का काम चलता मिला।
मौके पर चूल्हे में लकड़ियां जल रही थीं और लोहे के ड्रम के ऊपर बड़ा पतीला रखा था। पतीले में गर्म पानी भरा हुआ था, जबकि ड्रम से निकलने वाली प्लास्टिक की लेजम के जरिए शराब एकत्रित की जा रही थी। पुलिस ने मौके पर मौजूद व्यक्ति से पूछताछ की तो उसने अपना नाम अनिल बेड़िया पुत्र गोपाल बेड़िया, उम्र 50 वर्ष, निवासी ग्राम डाबरपुरा बताया।
पुलिस ने मौके से एक नीले रंग का ड्रम, जिसमें करीब 150 लीटर कच्ची शराब भरी थी, जब्त किया। इसके अलावा एक छोटा नीला प्लास्टिक ड्रम, एक लीटर का माप, लोहे का काला ड्रम, सिल्वर कलर का बड़ा पतीला तथा स्टील की तेमड़ी सहित शराब निर्माण में प्रयुक्त अन्य सामग्री बरामद की गई।
पुलिस ने जब्त शराब एवं उपकरणों को कब्जे में लेकर आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 350/2026, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर.डी. प्रजापति तथा एसडीओपी पोहरी आनंद राय के मार्गदर्शन में की गई।
कार्रवाई में इनकी रही भूमिका: उपनिरीक्षक सुरेश शर्मा, उपनिरीक्षक सत्येन्द्र सिंह भदौरिया, उपनिरीक्षक सोबरन सिंह सिसोदिया, प्रधान आरक्षक इकबाल अहमद, आरक्षक ज्ञान सिंह, देवेंद्र राठौर, शोभाराम मीणा, संदीप राठौर, रविन्द्र धाकड़, निशा गौड़ एवं आरक्षक मनीष परिहार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
रिपोर्ट : दीपक विकट
.png)








