मुख्यमंत्री श्री चौहान के जन्मदिन पर शहर में अनेक स्थानों पर रोपे गए पौधे, बनाई शिव वाटिका
जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और गणमान्य नागरिकों ने किया पौधरोपण
ग्वालियर / प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के 64वें जन्मदिन के अवसर पर ग्वालियर में विभिन्न स्थानों पर जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों द्वारा शिव वाटिका अभियान के तहत पौधारोपण कर आम नागरिकों को भी पर्यावरण सुधार के लिए प्रेरित किया।
मुख्यमंत्री श्री चौहान के जन्म दिवस के अवसर पर इंटक मैदान हजीरे पर आयोजित लाडली बहना योजना के शुभारंभ अवसर पर सांसद श्री विवेक नारायण शेजवलकर, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री अभय चौधरी, कलेक्टर श्री अक्षय कुमार सिंह, नगर निगम आयुक्त श्री किशोर कन्याल , पार्षद गण सहित अनेक जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा वृहद स्तर पर पौधारोपण किया गया।
इसके साथ ही संभागीय आयुक्त श्री दीपक सिंह द्वारा अपने निवास परिसर में परिवार के साथ मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के जन्म दिवस के अवसर पर पौधारोपण किया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती दुर्गेश कुँवर सिंह, कलेक्टर श्री अक्षय कुमार सिंह और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री आशीष तिवारी ने जिला पंचायत कार्यालय परिसर में पौधरोपण किया।
इसके साथ ही नगर निगम ग्वालियर द्वारा नगर निगम आयुक्त श्री किशोर कन्याल के निर्देश पर ग्वालियर शहर में विभिन्न शिव वाटिकाओ लाल टिपारा पार्क, किलागेट , वसंत विहार पार्क, अरनव ग्रीन सागर ताल आदि जगहों पर लगभग 500 पोधो का वृक्षारोपण किया गया। शहरी क्षेत्र के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्र में भी जगह-जगह मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के जन्मदिवस पर पौधरोपण का कार्य किया गया।
इसके साथ ही शहर में अन्य स्थानों पर भी नागरिकों द्वारा पौधारोपण कर उनके संरक्षण का संकल्प लिया गया।