शादी में शामिल होने गए युवक की पत्थर पटककर हत्या, गांव के बाहर मिला शव


दिनांक: 22 जून 2026

रिपोर्ट : अतुल जैन, खनियाधाना

शादी में शामिल होने गए युवक की पत्थर पटककर हत्या, गांव के बाहर मिला शव

शराब पार्टी के बाद वारदात की आशंका, दो दोस्तों से पुलिस कर रही पूछताछ



खनियाधाना। थाना क्षेत्र के ग्राम खजरा में शादी समारोह में शामिल होने पहुंचे एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में पत्थर पटककर हत्या कर दी गई। सोमवार दोपहर उसका शव गांव के बाहर पड़ा मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से खून से सना पत्थर एवं खाली शराब की बोतल बरामद हुई है। पुलिस ने मृतक के साथ आए दो दोस्तों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार मृतक सुशील उर्फ शिम्पल उपाध्याय शिवपुरी शहर के गौशाला क्षेत्र का निवासी था और गुना बायपास स्थित सूर्या होटल में कार्यरत था। उसी होटल में शेषराम गुर्जर और कल्लू आदिवासी भी काम करते थे। तीनों आपस में घनिष्ठ मित्र बताए जा रहे हैं।

बताया गया है कि कल्लू आदिवासी ग्राम बंगला थाना बामौरकला का रहने वाला है। उसकी बेटी अपनी ननिहाल ग्राम खजरा में रहती है, जहां रविवार को शादी समारोह आयोजित था। इसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए कल्लू, सुशील और शेषराम शिवपुरी से खजरा पहुंचे थे।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार रविवार रात तीनों युवक गांव के बाहर गए थे, जहां उन्होंने शराब पार्टी की थी। इसके बाद सोमवार दोपहर सुशील उपाध्याय का शव गांव के बाहर मिला। शव के सिर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं। मौके से खून से सना पत्थर और खाली शराब की बोतल मिलने के बाद पुलिस हत्या की आशंका के आधार पर जांच कर रही है।

घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने संदेह के आधार पर मृतक के साथ आए दोनों युवकों को राउंडअप कर पूछताछ शुरू कर दी है। हत्या के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है।

पिछोर एसडीओपी प्रशांत शर्मा ने बताया कि मामले में दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। घटनास्थल की वैज्ञानिक जांच के लिए ग्वालियर से एफएसएल टीम को बुलाया गया है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, जिसकी रिपोर्ट के बाद कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आने की संभावना है।

Post a Comment

0Comments
Post a Comment (0)

 


 



#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !